रायपुर: कांग्रेस की पोस्ट पर भड़के अजय चंद्राकर, कहा: “मैं राहुल गांधी की तरह बिना समझे नहीं बोलता”

रायपुर। पूर्व मंत्री और भाजपा नेता अजय चंद्राकर ने कांग्रेस की एक सोशल मीडिया पोस्ट पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। इस पोस्ट में दावा किया गया था कि भाजपा के सदस्यता सम्मान समारोह के दौरान चंद्राकर नाराज़ हो गए थे।
इस पर जवाब देते हुए अजय चंद्राकर ने सोशल मीडिया पर लिखा-
“कांग्रेस के मित्रों को बताना चाहता हूं कि मैं राहुल गांधी की तरह बिना समझे नहीं बोलता।”
चंद्राकर ने कहा कि उन्होंने भाजपा के मंच से सिर्फ इतना कहा था कि
“भारतीय जनता पार्टी जैसी मां की सेवा के लिए किसी सम्मान की आवश्यकता नहीं होती। अगर किसी का सम्मान होना चाहिए, तो वह प्रदेश अध्यक्ष किरण देव जी का होना चाहिए, जिनकी प्रेरणा से संगठन ने यह सदस्यता अभियान सफलतापूर्वक चलाया है।”
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस राजनीति करने के लिए कोई और मुद्दा तलाशे और इस तरह की झूठी बातें फैलाना बंद करे। साथ ही चंद्राकर ने यह भी कहा कि सभी को सुप्रीम कोर्ट की हाल की टिप्पणी जरूर पढ़नी चाहिए।
भाजपा नेता के इस बयान के बाद सियासी गर्माहट बढ़ गई है और सोशल मीडिया पर इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।





