रायपुर एयरपोर्ट पर पिकअप-ड्रॉप जाम से मिलेगी राहत, बनेंगी तीन नई लेन

रायपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों को छोड़ने और लेने के दौरान लगने वाले जाम की समस्या जल्द ही खत्म होने वाली है। नई टर्मिनल बिल्डिंग के बाहर वाहनों की आवाजाही को सुचारू बनाने के लिए तीन अतिरिक्त लेन बनाई जा रही हैं। इसके बाद पुरानी लेन को मिलाकर कुल चार लेन हो जाएंगी, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर होगी।
फिलहाल एयरपोर्ट पर यात्रियों के पिकअप और ड्रॉप के लिए पांच मिनट की फ्री पार्किंग सुविधा दी जा रही है। तय समय से अधिक रुकने पर पार्किंग शुल्क लिया जाता है, लेकिन केवल एक ही लेन होने के कारण भीड़ के समय में इस सुविधा का लाभ लेना मुश्किल हो जाता है। विमान के आगमन और प्रस्थान के दौरान बड़ी संख्या में वाहन एक साथ पहुंचने से जाम की स्थिति बन जाती है।
एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार, नई व्यवस्था लागू होने के बाद वाहनों की आवाजाही अधिक सुचारू होगी। वीआईपी आगमन के दौरान अक्सर कुछ समय के लिए लेन रोकनी पड़ती है, जिससे सामान्य यात्रियों को परेशानी होती है। नई योजना के तहत एक लेन वीआईपी मूवमेंट के लिए आरक्षित की जाएगी, ताकि अन्य लेनों में यातायात प्रभावित न हो।
गणतंत्र दिवस को लेकर एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट घोषित किया गया है। इसके चलते 30 जनवरी तक विजिटर्स की एंट्री बंद कर दी गई है। फिलहाल केवल वैध टिकट वाले यात्रियों को ही एयरपोर्ट परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है।
इसके अलावा, सुरक्षा व्यवस्था और विशेष गतिविधियों के कारण एयर इंडिया की सुबह की दिल्ली उड़ान को 26 जनवरी तक रद्द किया गया है। दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों और वायुसेना के अभ्यास के चलते कई उड़ानों पर असर पड़ा है, जिससे यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ रही है।





