छत्तीसगढ़ में बारिश से जनजीवन प्रभावित, मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए अलर्ट जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून जाते-जाते जोर दिखा रहा है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लगातार बारिश की वजह से तापमान में गिरावट भी दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने सोमवार को भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। रायपुर, बलौदाबाजार, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, रायगढ़, सारंगढ़, बिलाईगढ़, बस्तर, कोंडागांव और कांकेर में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है।
वहीं, मौसम विभाग ने बताया कि कोरबा, रायगढ़ और बलरामपुर जिले के लोगों को बारिश से राहत मिलेगी। इसके साथ ही चेतावनी दी गई है कि प्रदेश के कई हिस्सों में बिजली गिरने और तेज अंधड़ चलने की भी संभावना है।
मौसम विभाग ने जनता से अपील की है कि बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें और बारिश के दौरान खुले में खड़े होने से बचें।





