रायगढ़ में सड़क हादसों से बचाने मवेशियों के गले में बंधी रेडियम पट्टी, एसपी खुद उतरे सड़क पर

रायगढ़। सड़क सुरक्षा को लेकर रायगढ़ पुलिस ने एक अनोखी और सराहनीय पहल की है। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देश पर जिले में मवेशियों के गले में रेडियम पट्टी और सिंगों पर रेडियम टेप लगाए जा रहे हैं, ताकि रात में वाहन चालकों को दूर से ही मवेशी नजर आ सकें और हादसे टल सकें।

इस अभियान के तहत कल शाम खुद एसपी दिव्यांग पटेल ने ट्रांसपोर्ट नगर मार्ग और नेशनल हाईवे-49 पर पहुंचकर अपने अधिकारियों और जवानों के साथ सड़कों पर घूम रहे मवेशियों के गले में रेडियम पट्टी बांधी। इस दौरान सीएसपी अनिल विश्वकर्मा, डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, इंस्पेक्टर सुखनंदन पटेल, राकेश शर्मा, अमित शुक्ला और मोहन भारद्वाज भी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने मिलकर इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

इस मौके पर मवेशियों के लिए हरा चारा भी लाया गया था, जिससे यह कार्य केवल सुरक्षा ही नहीं, एक मानवीय पहल भी बन गया।

इससे पहले डीएसपी ट्रैफिक उत्तम प्रताप सिंह की अगुवाई में शहर और हाईवे पर मवेशियों के सिंगों पर रेडियम टेप लगाने का काम शुरू किया गया था। यह उपाय वाहन चालकों को रात में सड़कों पर मवेशियों की मौजूदगी का संकेत देने में काफी मददगार साबित हो रहा है।

मवेशी पालकों को भी दी जा रही समझाइश

अभियान के दौरान पुलिस ने मवेशी पालकों से अपील की कि वे अपने जानवरों को खुला छोड़कर सड़कों पर न घूमने दें, ताकि जानवर और वाहन दोनों सुरक्षित रहें।

एसपी दिव्यांग पटेल ने सभी डीएसपी, थाना प्रभारियों और ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इस कार्य को प्राथमिकता से करें, ताकि मवेशियों की वजह से होने वाले हादसों पर रोक लग सके।

यह पहल न केवल सड़क सुरक्षा को मजबूत करेगी, बल्कि जानवरों की रक्षा में भी बड़ी भूमिका निभाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई