रायगढ़ पुलिस को “ऑपरेशन तलाश” में बड़ी सफलता, 93 गुमशुदा लोग सकुशल मिले

रायगढ़। पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर के निर्देश पर राज्यभर में 1 जून से चल रहे “ऑपरेशन तलाश” अभियान के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल और डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान 21 दिनों में 93 गुमशुदा लोगों को खोजकर उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया है।
10 नाबालिगों को भी सुरक्षित ढूंढा गया
पुलिस द्वारा ढूंढे गए लोगों में 83 वयस्क और 10 नाबालिग शामिल हैं। नाबालिगों की तलाश को प्राथमिकता दी गई और कुछ मामलों में पॉक्सो एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई भी की गई है। बच्चों की सुरक्षा को लेकर पुलिस की यह गंभीरता सराहनीय रही।
धरमजयगढ़ थाना रहा सबसे आगे
धरमजयगढ़ थाना ने सबसे ज्यादा 13 गुमशुदा लोगों को ढूंढा।
जूटमिल और कोतरारोड़ थानों ने 11-11 लोगों को बरामद किया।
पुसौर से 8, भूपदेवपुर से 7, पूंजीपथरा और खरसिया से 6-6, कोतवाली और चक्रधरनगर से 5-5, घरघोड़ा, तमनार और छाल से 4-4, खरसिया चौकी और रैरूमाखुर्द से 3-3, कापू से 2 और लैलूंगा से 1 व्यक्ति को सकुशल वापस लाया गया।
रायगढ़ पुलिस की यह संवेदनशील और मानवीय पहल लोगों के बीच काफी सराही जा रही है। परिजन अपने खोए हुए अपनों को पाकर भावुक हो रहे हैं और पुलिस को धन्यवाद दे रहे हैं।
पुलिस ने जानकारी दी है कि “ऑपरेशन तलाश” आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि ज्यादा से ज्यादा गुमशुदा लोगों को उनके परिवार से मिलाया जा सके।





