रायगढ़ नगर निगम की नई डिजिटल पहल, टैक्स भुगतान और शिकायतें अब मोबाइल ऐप से होंगी आसान

रायगढ़ नगर निगम द्वारा नागरिकों की सुविधा के लिए एक नई डिजिटल सेवा शुरू की जा रही है। इसके तहत ‘जोहार रायगढ़’ मोबाइल ऐप लॉन्च किया जाएगा, जिससे शहरवासी घर बैठे टैक्स जमा कर सकेंगे और विभिन्न सेवाओं का लाभ ले सकेंगे।
इस ऐप के माध्यम से संपत्ति कर, जलकर, जन्म और मृत्यु पंजीयन, वाटर कनेक्शन, नगर निगम दुकानों का किराया, भवन अनुज्ञा और अन्य शुल्कों का ऑनलाइन भुगतान किया जा सकेगा। इसके अलावा बॉक्स क्रिकेट और बैडमिंटन कोर्ट की बुकिंग जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी।
‘जोहार रायगढ़’ ऐप में बिजली, पानी, सफाई, अतिक्रमण और अन्य नागरिक समस्याओं से जुड़ी शिकायतें दर्ज करने की सुविधा भी दी गई है। शिकायत दर्ज होते ही संबंधित अधिकारी के पास सूचना पहुंचेगी, जिससे समय पर समाधान किया जा सकेगा।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, इस डिजिटल सेवा से लोगों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और कार्यों में पारदर्शिता बढ़ेगी। इससे समय और संसाधनों की भी बचत होगी।
ऐप का उपयोग करने के लिए नागरिकों को सबसे पहले इसे मोबाइल के प्ले स्टोर से डाउनलोड करना होगा। डाउनलोड करने के बाद इसमें उपलब्ध अलग-अलग कैटेगरी के माध्यम से सेवाओं और शिकायतों का चयन किया जा सकेगा।
नगर निगम के राजस्व अधिकारियों ने बताया कि यह ऐप और वेब पोर्टल दोनों के माध्यम से उपलब्ध रहेगा। नागरिक डिजी रायगढ़ पोर्टल पर भी ऑनलाइन सेवाओं का लाभ ले सकेंगे।
संभावना है कि ‘जोहार रायगढ़’ ऐप को फरवरी के पहले सप्ताह में लॉन्च किया जाएगा। इसके बाद शहरवासियों को नगर निगम से जुड़ी अधिकतर सुविधाएं घर बैठे मिलने लगेंगी।





