रायगढ़: शाला प्रवेश उत्सव में शामिल हुए मंत्री ओपी चौधरी, बच्चों को बांटी किताबें, मिठाइयां और दी शुभकामनाएं

रायगढ़। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के मौके पर रायगढ़ जिले के नटवर स्कूल में “शाला प्रवेश उत्सव” का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में राज्य सरकार के मंत्री ओपी चौधरी ने शिरकत की और बच्चों के साथ मिलकर इस खास दिन को मनाया।
मंत्री चौधरी ने स्कूल पहुंचकर बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया और उन्हें नई यूनिफॉर्म, किताबें और मिठाइयां भेंट कीं। स्कूल में नए सत्र की शुरुआत को लेकर बच्चों में जबरदस्त उत्साह दिखा और उनके चेहरों पर खुशी साफ नजर आई।
मंत्री ने कहा कि बच्चों की यह नई यात्रा बहुत खास है, और उन्हें उम्मीद है कि ये छोटे कदम आगे चलकर बड़ी ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। उन्होंने बच्चों को ढेर सारी शुभकामनाएं और प्यार भी दिया।
इस अवसर पर रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सदस्य कुमार देवेंद्र प्रताप सिंह और अन्य सम्मानित अतिथि भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। सभी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और शिक्षा को बढ़ावा देने की बात कही।





