रायगढ़: श्याम मंदिर से हुई 27 लाख की चोरी का पर्दाफाश, 6 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। शहर के प्रतिष्ठित श्याम मंदिर में 13-14 जुलाई की रात हुई बड़ी चोरी की गुत्थी रायगढ़ पुलिस ने 9 दिन में सुलझा ली। पुलिस ने ओडिशा और पड़ोसी जिले सारंगढ़-बिलाईगढ़ के 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 27 लाख रुपये का माल बरामद किया है। इसमें सोने का मुकुट, कुंडल, गलपटिया, छत्तर और नकदी शामिल है।
मंदिर का ताला तोड़कर की थी सेंधमारी
चोरों ने रात के वक्त मंदिर के मुख्य दरवाजे और गर्भगृह का ताला तोड़कर भीतर घुसकर श्याम बाबा के आभूषण और दानपेटी की नकदी पर हाथ साफ किया। मंदिर मंडल के अध्यक्ष बजरंग लाल अग्रवाल ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामला दर्ज होते ही एसपी दिव्यांग पटेल और उनकी टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल डेटा से मिली अहम सुराग
पुलिस ने शहर भर के 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे खंगाले और करीब 1.25 लाख मोबाइल नंबरों की जांच की। संदिग्ध की तस्वीर सोशल मीडिया पर जारी की गई, जिससे एक अहम सुराग मिला और मुख्य आरोपी सारथी यादव की पहचान हुई।
ओडिशा बॉर्डर से दबोचा मुख्य आरोपी
पुलिस टीम ने आरोपी के गांव और संभावित ठिकानों पर दबिश दी। आखिरकार ओडिशा बॉर्डर के पास के गांव से सारथी यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल करते हुए पूरी योजना का खुलासा किया।
पत्नी और साथी भी थे शामिल
मुख्य आरोपी ने बताया कि चोरी के बाद उसने अपनी पत्नी नवादाई और अन्य साथियों मानस भोय, उपेंद्र भोय, विजय उर्फ बिज्जु प्रधान और दिव्य प्रधान के साथ मिलकर माल को छिपाया और बेचने की योजना बनाई।
क्या-क्या बरामद हुआ?
पुलिस ने आरोपियों से चोरी का पूरा सामान, नकदी, वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, लोहे का रॉड और घटना के समय पहना गया संतरी रंग का टी-शर्ट बरामद कर लिया। चोरी गए माल की कुल कीमत करीब 27 लाख रुपये है।
गिरफ्तार आरोपी
1. सारथी यादव (33)
2. नवादाई (28)
3. मानस भोय (23)
4. उपेंद्र भोय (30)- सभी ग्राम ठेंगागुड़ी, सारंगढ़-बिलाईगढ़
5. दिव्य प्रधान (34), ओडिशा
6. विजय उर्फ बिज्जु प्रधान (34), ओडिशा
रायगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई ने यह साबित कर दिया कि धार्मिक स्थलों पर हमला करने वाले अपराधियों को छिपने की कोई जगह नहीं मिलेगी।





