रायबरेली में राहुल गांधी के काफिले को बीजेपी कार्यकर्ताओं ने रोका

कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपने दो दिवसीय रायबरेली दौरे पर पहुंचे तो उनके काफिले का बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध किया। राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह और समर्थकों ने महावीर डिग्री कॉलेज के सामने लखनऊ-प्रयागराज नेशनल हाइवे पर धरना दिया और ‘राहुल गांधी वापस जाओ’ के नारे लगाए। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई और काफी मशक्कत के बाद काफिला आगे बढ़ पाया।

मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वर्गवासी मां के खिलाफ बोले गए अपशब्दों पर राहुल गांधी ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता ऐसे लोगों का समर्थन करते दिखते हैं और उन्हें पूरे देश की माताओं और बहनों से माफी मांगनी चाहिए। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने इसी मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।

विरोध के चलते राहुल गांधी का काफिला कुछ समय के लिए रुका रहा लेकिन बाद में वे बछरावां कस्बा पहुंचे, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह हरचंदपुर विधानसभा के लिए रवाना हुए और बूथ स्तर के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से बैठक की। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि आज हमारा सिर्फ एक ही नारा है–‘वोट चोर गद्दी छोड़’, और यह पूरे देश में साबित हो चुका है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button