राहुल गांधी का बड़ा सवाल: “पाकिस्तान को ऑपरेशन की जानकारी देना गलती नहीं, अपराध है”

नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर केंद्र सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि ऑपरेशन की शुरुआत में पाकिस्तान को हमले की जानकारी देना कोई भूल नहीं, बल्कि एक “अपराध” है। राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने खुद स्वीकार किया है कि पाकिस्तान को बताया गया था कि भारत सिर्फ आतंकी ठिकानों को निशाना बना रहा है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए पूछा, “हमने कितने भारतीय विमान खो दिए क्योंकि पाकिस्तान को पहले से पता था? इस मुखबिरी की वजह से क्या हमारे सैनिकों की जान खतरे में नहीं डाली गई?” उन्होंने कहा कि देश को इस सच्चाई को जानने का हक है।
“सिंदूर का सौदा हुआ, पीएम मोदी चुप रहे”
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने भी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “जब विदेश मंत्री खुद कह रहे हैं कि पाकिस्तान को ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी दी गई थी, तो ये कोई कूटनीति नहीं, बल्कि देश से गद्दारी है।”
खेड़ा ने सवाल किया कि क्या इसी वजह से आतंकी मसूद अजहर और हाफिज सईद को बच निकलने का मौका मिला? उन्होंने यह भी कहा कि इससे पहले भी कंधार में आतंकियों को छोड़ा गया था।
“इतिहास दोहराया गया”
पवन खेड़ा ने कहा कि पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, जब देश की सुरक्षा से खिलवाड़ हुआ। उन्होंने कहा, “मोरारजी देसाई ने भी कभी पाकिस्तान को भारत के परमाणु संयंत्र की जानकारी दी थी, जिससे हमारी खुफिया एजेंसी R&AW को भारी नुकसान हुआ था।”
कांग्रेस नेताओं ने सरकार से यह भी पूछा कि इस फैसले से कितने आतंकी ठिकाने खाली कर दिए गए? कितने भारतीय एजेंट मारे गए?
कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वह इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी। राहुल गांधी और पार्टी के अन्य नेता बार-बार यह सवाल उठा रहे हैं कि सरकार ने पाकिस्तान को ऑपरेशन की जानकारी क्यों दी और इससे देश की सुरक्षा पर क्या असर पड़ा।





