राहुल गांधी को मिली धमकी पर सियासी संग्राम, बीजेपी प्रवक्ता प्रिंटू महादेव विवादों में

केरल में एक टीवी चैनल की बहस के दौरान बीजेपी प्रवक्ता प्रिंटू महादेव ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को लेकर विवादित टिप्पणी कर दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को छाती में गोली मार दी जाएगी। इस बयान के बाद कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया और गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर महादेव के खिलाफ तुरंत केस दर्ज करने की मांग की है।

कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि यह महज जुबान फिसलना नहीं बल्कि विपक्ष के नेता के खिलाफ सोची-समझी साजिश है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर महादेव के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो इसे सरकार और बीजेपी की मिलीभगत माना जाएगा। वहीं, कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य रमेश चेन्नीथला ने आरोप लगाया कि केरल पुलिस मामले में ढिलाई बरत रही है, जो बीजेपी और सीपीआई(एम) के बीच समझौते को दर्शाता है।

प्रिंटू महादेव की पृष्ठभूमि पर नजर डालें तो वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के पूर्व राज्य अध्यक्ष रह चुके हैं। एबीवीपी आरएसएस की छात्र शाखा है। महादेव छात्र जीवन से ही संगठनात्मक राजनीति से जुड़े रहे और वर्तमान में वे बीजेपी के प्रवक्ता के रूप में काम कर रहे हैं। इसी भूमिका में उन्होंने टीवी डिबेट में हिस्सा लिया था।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सत्ता पक्ष के आधिकारिक प्रवक्ता की तरफ से इस तरह की जहरीली बातें न केवल राहुल गांधी की सुरक्षा को खतरे में डालती हैं बल्कि यह लोकतंत्र और कानून व्यवस्था के लिए भी गंभीर चुनौती है। के.सी. वेणुगोपाल ने यह भी याद दिलाया कि सीआरपीएफ पहले ही राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर कई खतरे की चेतावनियां दे चुकी है।

कांग्रेस लगातार मांग कर रही है कि बिना देरी किए महादेव पर केस दर्ज किया जाए और कठोर कार्रवाई की जाए। दूसरी ओर, बीजेपी की तरफ से इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि यह विवाद अब सियासी टकराव का बड़ा मुद्दा बन चुका है और आने वाले दिनों में इसे लेकर राजनीतिक गरमाहट और बढ़ सकती है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button