राहुल गांधी ‘LoP’ को समझते हैं ‘लीडर ऑफ पाकिस्तान’: BJP नेता पूनावाला
कांग्रेस और पाकिस्तान अब ‘हाइफनेटेड’ हो चुके हैं – पूनावाला

दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के नेता शहजाद पूनावाला ने शनिवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वह लगातार पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं। पूनावाला ने ANI से बातचीत में कहा, “राहुल गांधी कहते हैं कि भारत और पाकिस्तान को जोड़कर देखा जा रहा है, जबकि सच्चाई यह है कि अब कांग्रेस और पाकिस्तान को जोड़कर देखा जा रहा है। कांग्रेस के बयान पाकिस्तान के DG ISPR जैसे लगते हैं।”
पूनावाला ने राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा, “राहुल गांधी शायद ‘LoP’ का मतलब ‘लीडर ऑफ पाकिस्तान’ समझते हैं। आज जब पूरी दुनिया, यहां तक कि पाकिस्तान की संसद भी ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता को स्वीकार कर रही है, तब भी कांग्रेस पाकिस्तान की भाषा बोल रही है।”
विदेश नीति पर उठाए सवाल
इससे पहले राहुल गांधी ने X (पूर्व में ट्विटर) पर सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए पूछा था कि भारत को पाकिस्तान से क्यों जोड़ा गया, पाकिस्तान की निंदा में किसी देश ने भारत का समर्थन क्यों नहीं किया और डोनाल्ड ट्रंप को मध्यस्थता की पेशकश किसने की?
ऑपरेशन सिंदूर पर भी साधा निशाना
राहुल गांधी ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान कितने भारतीय एयरक्राफ्ट गंवाए गए, इस पर जयशंकर चुप हैं। उन्होंने इसे “लापरवाही नहीं, बल्कि अपराध” करार दिया और कहा कि देश को सच्चाई जानने का हक है।





