जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल से मिले राहुल गांधी, कहा– आतंकवाद के खिलाफ सरकार के हर कदम के साथ कांग्रेस

पहलगाम आतंकी हमले के बाद कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात की। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि सरकार आतंक के खिलाफ जो भी कदम उठाएगी, कांग्रेस उसके साथ खड़ी है।

राहुल गांधी ने बताया कि उन्होंने उपराज्यपाल से हमले के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। उनके साथ कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल, विधायक गुलाम अहमद मीर, तारिक हमीद कर्रा और राज्यसभा सांसद डॉ. सैयद नसीर हुसैन भी मौजूद थे।

राहुल गांधी ने कहा, “ये हमला लोगों को आपस में लड़ाने की साजिश है। कुछ लोग कश्मीरी भाई-बहनों को निशाना बना रहे हैं, जो बहुत ही गलत है। जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है और पूरा देश इस समय एकजुट होकर साथ खड़ा है।”

राहुल गांधी ने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी इस समय राजनीति नहीं कर रही, बल्कि देश और उसके लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा, “हम आतंकवाद के खिलाफ सरकार के हर कदम में समर्थन देंगे। जरूरी है कि पूरा देश मिलकर आतंकियों की साजिशों को नाकाम करे।”

उपराज्यपाल कार्यालय ने सोशल मीडिया पर राहुल गांधी के साथ हुई मुलाकात की तस्वीरें भी साझा की हैं और बताया कि बातचीत के दौरान पहलगाम हमले से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा हुई।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button