स्कूल परिसर में पागल कुत्ते का हमला, छात्र और दो शिक्षिकाएं घायल, दहशत का माहौल

बिलासपुर के खमतराई स्थित पीएम श्री प्राइमरी स्कूल में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक आवारा और कथित रूप से पागल कुत्ते ने स्कूल परिसर में घुसकर छात्र और शिक्षिकाओं पर हमला कर दिया। घटना के बाद स्कूल में डर का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह स्कूल में प्रार्थना सभा के बाद बच्चे अपनी-अपनी कक्षाओं की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक आवारा कुत्ता स्कूल परिसर में घुस आया। कुत्ते ने पहली कक्षा के छात्र सावन लस्कर पर हमला कर उसे काट लिया, जिससे बच्चा जमीन पर गिर पड़ा।
बच्चे को बचाने दौड़ी महिला शिक्षिका सीता कश्यप पर भी कुत्ते ने हमला कर दिया। हालात बिगड़ते देख स्कूल के हेडमास्टर और अन्य शिक्षकों ने किसी तरह कुत्ते को परिसर से बाहर भगाया।
इसके बाद जब शिक्षिका शालिनी तिवारी कुत्ते को दोबारा अंदर आने से रोकने के लिए स्कूल का गेट बंद करने गईं, तो कुत्ते ने उन पर भी हमला कर दिया। आसपास मौजूद लोगों की मदद से कुत्ते को भगाया गया।
घायल छात्र और दोनों शिक्षिकाओं को तुरंत सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए गए। बताया जा रहा है कि यही आवारा कुत्ता इलाके में पहले भी करीब 13 लोगों को काट चुका है।
स्कूल के हेडमास्टर सरोज यादव ने इस घटना की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी और नगर निगम के जोन कमिश्नर को लिखित रूप से दी है, लेकिन अब तक कुत्ते को पकड़ने की कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
वहीं सहायक शिक्षक मनोज सिंह ने बताया कि स्कूल में बाउंड्री वॉल नहीं होने के कारण आवारा जानवर आसानी से अंदर घुस जाते हैं। इस समस्या को लेकर पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।





