आज शाम दिल्ली पहुंचेंगे पुतिन: PM मोदी से मीटिंग, कई बड़ी डील पर मुहर की तैयारी
रूसी राष्ट्रपति के 30 घंटे के दौरे का मिनट-टू-मिनट शेड्यूल

दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आज, 4 दिसंबर की शाम दिल्ली पहुंचेंगे। यह दौरा इसलिए खास माना जा रहा है क्योंकि वे चार साल बाद भारत आ रहे हैं। इसके दौरान वह 23वें भारत-रूस शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। पुतिन के इस हाई-प्रोफाइल दौरे पर दुनिया की नज़रें टिकी हैं, क्योंकि दोनों देशों के बीच कई अहम समझौतों पर मुहर लगने की उम्मीद है।
पुतिन इस बार करीब 30 घंटे दिल्ली में रहेंगे, जिसमें शीर्ष बैठकों से लेकर बिजनेस फोरम और डिनर तक कई कार्यक्रम शामिल हैं। 4 दिसंबर की शाम लगभग 6 बजे उनके दिल्ली पहुंचने की संभावना है। एयरपोर्ट पर औपचारिक स्वागत के बाद वे सीधे 7 लोक कल्याण मार्ग जाएंगे, जहां प्रधानमंत्री मोदी उनके सम्मान में निजी डिनर होस्ट करेंगे। माना जा रहा है कि इस अनौपचारिक बैठक में दोनों नेता रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर चर्चा करेंगे।
5 दिसंबर को औपचारिक कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह 9:30 बजे राष्ट्रपति भवन में होगी, जहां पुतिन को गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। इसके बाद वे राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे। दोपहर 11 बजे हैदराबाद हाउस में 23वां भारत-रूस शिखर सम्मेलन होगा। यहां रक्षा, ऊर्जा, अंतरिक्ष, टेक्नोलॉजी और व्यापार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में कई समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। बैठक के बाद दोनों नेता संयुक्त बयान जारी करेंगे।
शाम को मोदी और पुतिन बिजनेस लीडर्स से मिलकर भारत-रूस बिजनेस फोरम को संबोधित करेंगे। रात 7 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पुतिन के सम्मान में रॉयल डिनर आयोजित करेंगी। इसके बाद वे रूस के लिए रवाना हो जाएंगे।
इस पूरे दौरे के दौरान दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुतिन के रूट पर 5-स्तरीय सुरक्षा, ड्रोन निगरानी, AI-आधारित मॉनिटरिंग और स्नाइपर तैनाती की व्यवस्था की गई है। होटल से लेकर कार्यक्रम स्थलों तक सुरक्षा एजेंसियां चप्पे-चप्पे पर नजर रखे हुए हैं।





