मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहुंचे केदारनाथ, कपाट बंद होने के मौके पर की विशेष पूजा – प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की

केदारनाथ। भगवान केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार को विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस पवित्र मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी धाम पहुंचे और विशेष पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस साल चारधाम यात्रा ऐतिहासिक रही, लाखों श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंचे और यात्रा सकुशल सम्पन्न हुई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड को “सनातन धर्म की आध्यात्मिक राजधानी” के रूप में विकसित किया जा रहा है।
सीएम धामी ने धाम में चल रहे निर्माण और विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी काम तय समय पर पूरे हों। उन्होंने कहा कि आगामी 2026 की यात्रा के लिए अभी से तैयारी शुरू कर दी जाए, ताकि तीर्थयात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर तीर्थ पुरोहितों, स्थानीय कारोबारियों और हक-हकूकधारियों से भी मुलाकात की और चारधाम यात्रा को सफल बनाने में उनके योगदान के लिए आभार जताया।
धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा न सिर्फ राज्य की आर्थिक रीढ़ है, बल्कि यह उत्तराखंड को दुनिया भर के श्रद्धालुओं से जोड़ने वाला पुल भी है। उन्होंने भरोसा जताया कि बाबा केदार की कृपा से उत्तराखंड निरंतर प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ता रहेगा।





