रायपुर में खामेनेई की कथित मौत पर विरोध: ट्रंप-नेतन्याहू के पोस्टर फाड़े, शिया समुदाय ने की शोक सभा

ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की हमले में मौत होने के दावे के बाद राजधानी रायपुर में शिया समुदाय के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। शहर के मोमिनपारा और पंडरी क्षेत्रों में अमेरिका और इजराइल के खिलाफ नारेबाजी की गई तथा पोस्टर लगाकर आक्रोश जताया गया।

सड़क किनारे लगाए गए पोस्टरों में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की तस्वीरें थीं। पोस्टरों पर ‘डाउन टू अमेरिका’ और ‘डाउन टू इजरायल’ जैसे नारे लिखे गए। कुछ स्थानों पर पोस्टरों पर स्याही फेंकी गई और राहगीरों द्वारा उन्हें पैरों से कुचलते हुए आगे बढ़ने के दृश्य भी सामने आए।

इसी दौरान शिया समुदाय के लोगों ने इमामबाड़ा और अन्य धार्मिक स्थलों पर एकत्र होकर शोक सभा आयोजित की। पंडरी स्थित इमाम बारगाह में मजलिस का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समुदाय के लोग शामिल हुए। खोजा जमात के सदस्यों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की और गम का इजहार किया।

समुदाय के लोगों का कहना है कि ईरान पर हुए हमले में तेहरान स्थित महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाया गया, जिसमें खामेनेई के हताहत होने का दावा किया गया है। घटना के बाद विभिन्न स्थानों पर विरोध और शोक सभाएं आयोजित की जा रही हैं।

रायपुर में हुए प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन सतर्क रहा। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button