नगर सेना जवान की आत्महत्या कोशिश के बाद कोरबा में उबाल, जिला सेनानी के खिलाफ कार्रवाई की मांग

कोरबा। बर्खास्तगी से आहत नगर सेना के जवान द्वारा आत्महत्या की कोशिश के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस घटना के विरोध में नगर सेना के जवान नगर सेना कार्यालय परिसर में प्रदर्शन कर रहे हैं और जिला सेनानी अनुज एक्का के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक जिला सेनानी अनुज एक्का ने नगर सेना जवान संतोष पटेल को सेवा से बर्खास्त कर दिया था। इस निर्णय से आहत होकर संतोष पटेल ने कलेक्टोरेट परिसर में ज़हर का सेवन कर लिया। उसकी हालत गंभीर होने पर पहले मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे रायपुर रेफर किया गया है। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि संतोष पटेल ने सुसाइड नोट लिखकर ज़हर सेवन किया था, जिसमें उसने डिविजनल कमांडेंट और कोरबा कमांडेंट पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले महिला नगर सैनिकों ने भी जिला सेनानी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए शिकायतें की थीं।
प्रदर्शन कर रहे नगर सेना जवानों की मांग है कि बर्खास्त जवान संतोष पटेल की तत्काल बहाली की जाए और जिला सेनानी अनुज एक्का के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। मामला अब प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर गंभीर चर्चा का विषय बन गया है।





