शिक्षा नीतियों के खिलाफ AIDSO का विरोध, मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

बिलासपुर में ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) की जिला कमेटी ने राज्य सरकार की शिक्षा नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। संगठन ने स्कूलों के युक्तियुक्तकरण और कॉलेजों को ऑटोनॉमस बनाने के फैसले को छात्र विरोधी बताते हुए मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन के नाम कलेक्टर बिलासपुर को ज्ञापन सौंपा।
AIDSO का कहना है कि प्रदेश में 10 हजार से ज्यादा सरकारी स्कूलों का युक्तियुक्तकरण किया जा रहा है, जबकि पहले से ही कई स्कूल जर्जर भवनों, एकल शिक्षक और शिक्षकविहीन स्थिति में चल रहे हैं। संगठन ने आरोप लगाया कि राज्य में 56 हजार से अधिक शिक्षकों के पद खाली हैं, इसके बावजूद सरकार शिक्षक संख्या घटाने की नीति अपना रही है, जो शिक्षा व्यवस्था को कमजोर कर रही है।
इसके साथ ही संगठन ने 50 कॉलेजों को ऑटोनॉमस बनाए जाने के फैसले का भी विरोध किया। AIDSO के अनुसार इससे फीस बढ़ेगी और आम व गरीब वर्ग के छात्रों पर आर्थिक बोझ पड़ेगा। संगठन ने मांग की कि इस फैसले को तुरंत वापस लिया जाए।
AIDSO ने सरकार से फीस वृद्धि पर रोक लगाने, छात्रों के लिए पर्याप्त छात्रावास, लैब, लाइब्रेरी और बेहतर शिक्षण संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।





