कृषक उन्नति योजना से किसानों की जिंदगी में खुशहाली

महासमुंद जिले के ग्राम चिंगरौद के किसान धनीराम साहू के जीवन में कृषक उन्नति योजना ने नई उम्मीदें और आर्थिक समृद्धि के रास्ते खोले हैं। राज्य सरकार द्वारा धान खरीदी की दर 3100 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने से उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इस योजना से न सिर्फ उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है बल्कि उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा है।
धान की खेती से मिली अच्छी आमदनी
धनीराम साहू ने बताया कि उन्होंने कुल 6 एकड़ में धान की खेती की थी। इस बार की खेती से उन्हें अच्छी आमदनी प्राप्त हुई, जो उनके जीवन में बड़ा बदलाव लेकर आई है। पहले पूंजी की कमी के कारण वे अपनी नवीन कृषि भूमि खरीदने की योजना को साकार नहीं कर पा रहे थे, लेकिन अब इस योजना से मिली आय से वे यह सपना पूरा कर पाएंगे।
धनीराम का कहना है कि वे इस राशि का उपयोग अपनी जमीन खरीदने के अलावा अपने बच्चों की शिक्षा और खेती के अन्य कार्यों में भी करेंगे। उनके अनुसार, सरकार की इस योजना ने किसानों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और अब धान की खेती से होने वाला लाभ पहले से कहीं ज्यादा है।
मुख्यमंत्री को धन्यवाद और किसानों की खुशहाली
धनीराम साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का धन्यवाद करते हुए कहा कि राज्य में किसानों की स्थिति में सकारात्मक बदलाव आ रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर पूरे देश में सबसे अधिक है, जो किसानों को आर्थिक मजबूती दे रही है।
कृषक उन्नति योजना निश्चित रूप से किसानों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रही है और कृषि को लाभकारी व्यवसाय के रूप में स्थापित करने में मदद कर रही है। धनीराम का मानना है कि इस योजना के कारण किसानों का शासन के प्रति विश्वास बढ़ा है और समय पर भुगतान मिलने से वे और भी उत्साहित हैं। अब प्रदेश के किसान आत्मनिर्भर बनते हुए खुशहाल जीवन की ओर बढ़ रहे हैं।





