रेलवे अंडरब्रिज में जलभराव की समस्या, जोखिम लेकर आवागमन के लिए मजबूर राहगीर

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से रेलवे अंडरब्रिज में जलभराव का मामला सामने आया है. जहां जिले के चूचुहिया पारा रेलवे अंडरब्रिज में जलभराव की समस्या से स्थानीय लोगों और राहगीरों को आए दिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में यह समस्या और गंभीर हो जाती है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। राहगीरों को पानी भरे अंडरब्रिज से गुजरने में कठिनाई होती है, वहीं दोपहिया और छोटे वाहन चालक जोखिम उठाने को मजबूर होते हैं।
इस समस्या को लेकर वार्ड पार्षद अब्दुल इब्राहिम ने कहा कि जल्द ही समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने बताया कि रेलवे प्रशासन से बातचीत की जा रही है और शीघ्र ही प्रभावी कदम उठाकर इस जलभराव को दूर किया जाएगा। पार्षद ने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में इस समस्या से पूरी तरह निजात पाने के लिए स्थायी समाधान पर भी विचार किया जा रहा है, जिससे लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो.





