वृंदावन के प्रेमानंद महाराज पूरी तरह स्वस्थ, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के ब्रह्मलीन होने की अफवाहों ने बीते दिनों भक्तों में हलचल मचा दी थी। सोशल मीडिया पर उनकी सेहत को लेकर तरह-तरह की फर्जी खबरें और वीडियो वायरल होने लगे। किसी ने कहा कि महाराज जी की हालत गंभीर है, तो किसी ने यह तक अफवाह फैला दी कि वे ब्रह्मलीन हो गए हैं। इन खबरों के बाद उनके अनुयायियों में मायूसी और भ्रम फैल गया।

गुरुवार सुबह प्रेमानंद महाराज ने स्वयं आश्रम से बाहर आकर भक्तों को दर्शन दिए, जिससे सभी के चेहरे पर फिर से मुस्कान लौट आई। महाराज को देखकर श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली और मंदिर परिसर में “जय श्री राधे-कृष्ण” के जयकारे गूंज उठे।

दरअसल, बीते कुछ दिनों से महाराज अपनी नियमित पदयात्रा पर नहीं निकल रहे थे। शुरू में इसे उनके स्वास्थ्य कारणों से जोड़ा गया, लेकिन इसी बीच कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर उनकी स्थिति को लेकर भ्रामक पोस्ट और वीडियो शेयर कर दिए। महाराज के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से बुधवार रात एक संदेश जारी किया गया, जिसमें स्पष्ट कहा गया कि वे पूर्णतः स्वस्थ हैं और केवल पदयात्रा को अनिश्चितकाल के लिए रोका गया है। भक्तों से अनुरोध किया गया कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।

इस पूरे मामले पर अब पुलिस ने भी सख्त रुख अपनाया है। मथुरा पुलिस ने चेतावनी दी है कि प्रेमानंद महाराज से जुड़ी झूठी खबरें फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल महाराज स्वस्थ हैं और पहले की तरह अपनी दिनचर्या निभा रहे हैं।

भक्तों का कहना है कि महाराज का दर्शन पाकर उन्हें नई ऊर्जा मिली है और वे इस बात से बेहद प्रसन्न हैं कि उनके आराध्य संत पूर्ण स्वस्थ हैं। वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए अब फिर से भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button