प्रहार अभियान में बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 140 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर।जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए बिलासपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “प्रहार अभियान” के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। 4 और 5 जनवरी की दरम्यानी रात जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कॉम्बिंग गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें पुलिस को अहम सफलता मिली।
इस अभियान के दौरान जिलेभर से कुल 140 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें स्थायी वारंटी, गिरफ्तारी वारंटी, लंबे समय से फरार आरोपी और निगरानी बदमाश शामिल हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
वहीं चेकिंग के दौरान तोरवा, सिविल लाइन, कोनी और चकरभाठा थाना क्षेत्रों से 5 आरोपियों को अवैध हथियारों के साथ पकड़ा गया। इनके पास से धारदार और चालू हालत में हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मामला दर्ज किया है।
इसके अलावा प्रहार अभियान के तहत आम नागरिकों से प्राप्त 248 शिकायतों का त्वरित निराकरण किया गया, जिससे लोगों को राहत मिली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों में डर पैदा करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।





