रायगढ़ के 16 इलाकों में चार घंटे बिजली सप्लाई रहेगी बंद, कवर्ड तार लगाने का काम जारी

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर में खुले बिजली तारों को कवर्ड तारों में बदलने का कार्य लगातार जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को शहर के 16 इलाकों में करीब चार घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी, जिससे लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
मुख्यमंत्री शहरी विद्युतीकरण योजना के तहत 33 केवी गर्ल्स कॉलेज सब स्टेशन से जुड़े 11 केवी सिटी कोतवाली फीडर की सप्लाई सुबह साढ़े 10 बजे से दोपहर ढाई बजे तक बंद रहेगी। इस दौरान खुले तारों को सुरक्षित कवर्ड तारों में बदला जाएगा।
बिजली कटौती के कारण सेवा कुंज रोड, हंडी चौक, गायत्री मंदिर क्षेत्र, महिला समृद्धि बाजार, अनाथालय कॉलोनी, कोतवाली थाना, पुरानी हटरी, बड़े पान मसाला क्षेत्र, किरोड़ीमल कॉलोनी, दुर्गा टेलर और लाल टंकी समेत आसपास के इलाके प्रभावित रहेंगे।
इसके अलावा 33 केवी जीडीसी फीडर की सप्लाई भी बंद रहेगी, जिससे कोतरा रोड क्षेत्र के होटल ट्रिनिटी, होटल एकार्ड, होटल जिंदल रीजेंसी और होटल अंश के आसपास के इलाकों में भी बिजली नहीं रहेगी।
बिजली विभाग के अनुसार, बीते पांच दिनों से रोजाना चार घंटे बिजली बंद कर यह कार्य किया जा रहा है। 19 जनवरी से गर्ल्स कॉलेज सब स्टेशन और संभागीय कार्यालय उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्रों में कवर्ड तार बदले जा रहे हैं।
विभाग ने बताया है कि जरूरत पड़ने पर कटौती के समय में बदलाव किया जा सकता है। नागरिकों से अपील की गई है कि असुविधा से बचने के लिए पहले से आवश्यक तैयारियां कर लें।





