एडिलेड में सिराज और हेड के बीच हुई तीखी नोकझोंक पर पोंटिंग का आया बयान, जानिए क्या कहा?

क्रिकेट। इण्डिया और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए दूसरे टेस्ट मैच के दौरान मोहम्मद सिराज और ट्रेविस हेड के बीच हुई तीखी नोकझोंक पर पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग ने प्रतिक्रिया दी है। एडिलेड ओवल में खेले गए डे-नाइट टेस्ट के दूसरे दिन सिराज ने हेड को 140 रन पर आउट करने के बाद उन्हें तीखा सेंड-ऑफ दिया था। इस घटना पर आईसीसी ने जांच के बाद दोनों खिलाड़ियों पर जुर्माना और एक-एक डिमेरिट पॉइंट लगाया।

सिराज और हेड के बीच हुए विवाद पर क्या बोले रिकी पोंटिंग?

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी रिकी पोंटिंग ने कहा, ‘इस पूरे वाकये में मुझे नहीं लगता कि किसी के मन में कोई द्वेष था। यह पूरी तरह से एक गलतफहमी का नतीजा था।’ उन्होंने बताया कि ट्रेविस हेड ने सिराज को आउट के बाद उनकी गेंद की सराहना की, लेकिन सिराज शायद पिछली गेंद पर छक्का लगने से नाराज थे। पोंटिंग ने आगे कहा कि, “रोहित शर्मा अपने तेज गेंदबाजों से ऐसे ही जोश की उम्मीद करते हैं। जब उन्हें छक्का लगे और अगली गेंद पर विकेट मिले, तो प्रतिक्रिया स्वाभाविक है। यह कोई बड़ी बात नहीं थी।” पोंटिंग ने सिराज को लेकर अपनी चिंता भी जाहिर की। उन्होंने कहा, ‘जैसे ही सिराज ने हेड को सेंड-ऑफ दिया, मुझे चिंता हुई। अंपायर और मैच रेफरी इस तरह की चीजों को गंभीरता से लेते हैं।’

तीसरे दिन दोनों के बीच हुई दोस्ती

दूसरे मैच के तीसरे दिन जब सिराज बल्लेबाजी करने आए, तो ट्रेविस हेड ने फॉरवर्ड शॉर्ट लेग पर खड़े होकर उनसे बातचीत की और गलतफहमी दूर की। मैच के बाद दोनों खिलाड़ियों ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया और गले भी लगे। पोंटिंग ने कहा, ‘यह देखना अच्छा था कि दोनों खिलाड़ी आपस में बात कर रहे थे और जो हुआ उसकी सफाई दे रहे थे। खेल के बाद उनकी दोस्ती ने यह साबित कर दिया कि मैदान पर हुई बहस केवल एक पल की बात थी।’

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button