राहुल गांधी के बयान पर मचा सियासी बवाल, भाजपा बोली; वे चीन-पाकिस्तान के पेड एजेंट

दिल्ली। भोपाल में एक कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि “ट्रम्प का एक फोन आया और नरेंद्र जी तुरंत सरेंडर हो गए।” इस बयान को लेकर भाजपा हमलावर हो गई है।
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने राहुल पर सेना और देश का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी भाषा चीन या पाकिस्तान के पेड एजेंट जैसी लगती है। पात्रा ने कहा कि कोई भी जिम्मेदार विपक्षी नेता “सरेंडर” जैसे शब्द का इस्तेमाल नहीं करता। उन्होंने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले का बदला ऑपरेशन सिंदूर के जरिए लिया गया था, जिसमें पाकिस्तान के नौ आतंकी लॉन्चपैड और 11 एयरबेस नष्ट किए गए। बावजूद इसके राहुल ने इस ऑपरेशन का मजाक उड़ाया।
अपने संबोधन में राहुल गांधी ने भाजपा और आरएसएस पर संविधान खत्म करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश की सारी संस्थाओं पर भाजपा ने कब्जा कर लिया है और लोकतंत्र का गला घोंटा जा रहा है। राहुल ने अडाणी-अंबानी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि ये मोदी के करीबी हैं और चीन का सामान भारत में बेचकर मुनाफा कमा रहे हैं, जबकि भारत के युवा बेरोजगार हैं। उन्होंने जातिगत जनगणना की मांग दोहराते हुए कहा कि इससे पता चलेगा कि असली फायदा किसे मिल रहा है। राहुल के इन बयानों पर भाजपा ने उन्हें गैरजिम्मेदार बताते हुए देश विरोधी मानसिकता से ग्रसित कहा है।





