CM पर हमले के बाद पुलिस कमिश्नर बदले, आरोपी रिमांड पर

दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले के बाद पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया गया है। सरकार ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर एसबीके सिंह को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है और उनकी जगह 1992 बैच के आईपीएस अफसर सतीश गोलचा को नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया है। गोलचा पहले दिल्ली दंगों के दौरान स्पेशल पुलिस कमिश्नर रह चुके हैं और हाल में डीजी (जेल) के पद पर कार्यरत थे।
हमले के आरोपी राजेशभाई खीमजी को 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस उसके संपर्क में रहे 10 लोगों और राजकोट स्थित दोस्तों की जांच कर रही है। इंटेलिजेंस ब्यूरो और स्पेशल सेल भी उससे पूछताछ कर रही हैं। आरोपी पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है और उस पर गुजरात में पहले से 5 आपराधिक मामले भी दर्ज हैं।
इधर, आम आदमी पार्टी ने पुलिस पर CCTV फुटेज छिपाने का आरोप लगाया। AAP नेताओं ने कहा कि पहले अरविंद केजरीवाल पर हुए हमलों के वीडियो पुलिस जारी करती थी, लेकिन इस बार पारदर्शिता नहीं दिखाई जा रही। वहीं भाजपा ने आरोपी की एक फोटो AAP विधायक गोपाल इटालिया के साथ शेयर कर हमला बोला, जबकि AAP ने इसे एडिटेड बताया और भाजपा पर फर्जीवाड़े का आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह हमला उनकी जनसेवा के संकल्प को डिगा नहीं सकता। घटना के बाद केंद्र सरकार ने उन्हें Z श्रेणी की सुरक्षा दी है, जिसमें CRPF के 25 जवान 24 घंटे तैनात रहेंगे। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने घटना से पहले CM आवास की रेकी की थी और मोबाइल में वीडियो बनाए थे।





