पीएम मोदी करेंगे पंजाब और हिमाचल प्रदेश का दौरा, बाढ़ प्रभावित इलाकों का लेंगे जायजा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को पंजाब और हिमाचल प्रदेश का दौरा करेंगे और बाढ़ से प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इस दौरान वे प्रभावित लोगों से मिलेंगे और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर राहत और पुनर्वास प्रयासों की निगरानी करेंगे। उनके दौरे का उद्देश्य दोनों राज्यों में बाढ़ पीड़ितों की स्थिति का जायजा लेना और केंद्र सरकार की तरफ से हरसंभव सहायता सुनिश्चित करना है।
पंजाब में भारी बारिश और बाढ़ के कारण हालात बेहद गंभीर हो गए हैं। राज्य के कई गांव जलमग्न हैं और लगभग 1.75 लाख हेक्टेयर जमीन पर खड़ी फसलें नष्ट हो चुकी हैं। लाखों लोग बेघर हुए हैं और कई लोगों की जान गई है। राहत और बचाव कार्य में भारतीय सेना, एनडीआरएफ, बीएसएफ, पंजाब पुलिस और जिला प्रशासन जुटे हुए हैं।
हिमाचल प्रदेश में भी मानसून के दौरान प्राकृतिक आपदाओं की घटनाओं में तेजी से वृद्धि हुई है। भूस्खलन, अचानक बाढ़, डूबने और बिजली गिरने जैसी घटनाओं में 203 लोगों की मौत हुई है, वहीं सड़क दुर्घटनाओं में 163 लोगों की जान गई। कुल मिलाकर मानसून की इस आपदा में 366 लोगों की मृत्यु हुई।
प्रधानमंत्री मोदी दोपहर करीब 1:30 बजे कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश में प्रभावित लोगों और अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। वहां वे उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे और एनडीआरएफ, एसडीआरएफ तथा आपदा मित्र टीम से भी बातचीत करेंगे।
इसके बाद पीएम मोदी दोपहर लगभग 3 बजे पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। शाम 4:15 बजे वे गुरदासपुर पहुंचेगे और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थिति पर समीक्षा बैठक करेंगे। इस दौरान बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत के साथ-साथ राहत कार्यों और पुनर्वास प्रयासों की समीक्षा की जाएगी।
केंद्र सरकार ने दोनों राज्यों को हर संभव मदद प्रदान करने का भरोसा दिलाया है। प्रधानमंत्री का दौरा इस कठिन समय में प्रभावित लोगों को राहत पहुँचाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस दौरे से पंजाब और हिमाचल प्रदेश में बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत एवं पुनर्वास कार्यों की गति बढ़ने की उम्मीद है। सरकारी मदद, बचाव प्रयास और स्थानीय प्रशासन की निगरानी के माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों में स्थिरता लौटाने की दिशा में यह एक निर्णायक कदम होगा।





