परीक्षा पे चर्चा 2026: पीएम मोदी ने दिए तनावमुक्त पढ़ाई और समय प्रबंधन के मंत्र

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में विद्यार्थियों से संवाद करते हुए तनावमुक्त जीवन, समय प्रबंधन, अनुशासन, जीवन कौशल और करियर विकास पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य तय कर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

देशभर में शुक्रवार को आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने परीक्षा से जुड़े तनाव और शंकाओं का समाधान किया। मध्यप्रदेश के उत्कृष्ट विद्यालय, जबलपुर के छात्र आयुष तिवारी ने सवाल किया कि कई बार शिक्षक की पढ़ाने की गति से तालमेल नहीं बैठ पाता—इस पर पीएम मोदी ने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे विद्यार्थियों की सीखने की गति के अनुरूप अध्यापन की स्पीड रखें।

पढ़ाई का सरल मंत्र

प्रधानमंत्री ने सुझाव दिया कि लेसन प्लान पहले से साझा किए जाएं, ताकि विद्यार्थी आने वाले अध्याय पहले ही पढ़ सकें। उन्होंने कहा—

“पहले अपने को जोतो, फिर मन को जोड़ो।”

अर्थात विषय से जुड़ी जानकारी पहले जुटाएं (जोतो) और फिर एकाग्रता बनाए रखें (जोड़ो)। इससे समझ मजबूत होती है और विद्यार्थी एक कदम आगे रहते हैं।

IMG 8691

2018 से जारी पहल

उल्लेखनीय है कि 2018 से लगातार हो रहे इस कार्यक्रम का यह 9वां संस्करण है। इसका सीधा प्रसारण विभिन्न संचार माध्यमों पर किया गया।

समय प्रबंधन पर जोर

कार्यक्रम के दौरान स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि समय का सही प्रबंधन सफलता की कुंजी है। अनुशासन जीवन को दिशा देता है और असंभव को संभव बनाने का प्रयास ही असाधारण उपलब्धियों तक पहुंचाता है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में शिक्षा विभाग एनईपी 2020 के अनुरूप गुणवत्ता और अनुशासन को मजबूत करने पर निरंतर कार्य कर रहा है।

राज्य स्तरीय आयोजन

भोपाल के शासकीय सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में राज्य स्तरीय कार्यक्रम हुआ, जिसमें स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. संजय गोयल, संचालक लोक शिक्षण के.के. द्विवेदी सहित अधिकारी, अभिभावक और विद्यार्थी शामिल हुए। प्रदेश के सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया।

IMG 8692

अगला प्रसारण

9 फरवरी 2026, सुबह 10 बजे से परीक्षा पे चर्चा का अगला प्रसारण होगा, जिसमें प्रधानमंत्री देश के विभिन्न अंचलों के विद्यार्थियों से चर्चा करेंगे। विद्यालयों में सजीव प्रसारण की तैयारियां की जा रही हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button