राज्यसभा नामांकन पर पीएम मोदी की बधाई, चार प्रमुख हस्तियों की सराहना

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्वारा राज्यसभा के लिए नामित 12 प्रतिष्ठित हस्तियों में से चार प्रमुख नामों – उज्ज्वल निकम, हर्षवर्धन श्रृंगला, सदानंदन मास्टर और मीनाक्षी जैन – को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी और उनके योगदान की सराहना की। पीएम मोदी ने वरिष्ठ अधिवक्ता उज्ज्वल निकम की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने अपने पूरे कानूनी करियर में संवैधानिक मूल्यों को मजबूत किया और आम लोगों से हमेशा सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया। उन्होंने कहा कि यह बहुत खुशी की बात है कि राष्ट्रपति ने निकम को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है। उनके संसदीय कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं हैं।
पूर्व विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला को भी राज्यसभा के लिए नामित किए जाने पर पीएम मोदी ने बधाई दी और उन्हें एक राजनयिक, बुद्धिजीवी और रणनीतिक विचारक बताया। उन्होंने कहा कि श्रृंगला ने भारत की विदेश नीति में अहम योगदान दिया है और जी-20 की अध्यक्षता में भी सक्रिय भूमिका निभाई है। उनका दृष्टिकोण संसदीय कार्यवाही को समृद्ध करेगा।
केरल से ताल्लुक रखने वाले सामाजिक कार्यकर्ता सदानंदन मास्टर की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका जीवन साहस और अन्याय के आगे नहीं झुकने का उदाहरण है। हिंसा और धमकियों के बावजूद वे राष्ट्रीय विकास के लिए प्रतिबद्ध रहे। एक शिक्षक और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में उनके प्रयास सराहनीय हैं और वे युवा सशक्तिकरण के लिए भी समर्पित हैं।
इतिहासकार मीनाक्षी जैन को राज्यसभा के लिए नामित किए जाने पर पीएम मोदी ने प्रसन्नता जताते हुए कहा कि उन्होंने एक विद्वान, शोधकर्ता और इतिहासकार के रूप में विशिष्ट पहचान बनाई है। शिक्षा, साहित्य, इतिहास और राजनीति विज्ञान के क्षेत्र में उनके कार्यों ने अकादमिक संवाद को समृद्ध किया है। प्रधानमंत्री ने चारों नामित सदस्यों को उनके आगामी संसदीय कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि उनका अनुभव और दृष्टिकोण राज्यसभा की कार्यवाही को और प्रभावशाली बनाएगा।





