प्रधानमंत्री मोदी ने चलाईं चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें, कहा- भारत विकास के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ रहा है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बनारस रेलवे स्टेशन से चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। ये ट्रेनें बनारस-खजुराहो, लखनऊ-सहारनपुर, फिरोजपुर-दिल्ली और एर्नाकुलम-बेंगलुरु मार्ग पर चलाई जाएंगी। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित देशों की प्रगति में मजबूत इन्फ्रास्ट्रक्चर की बड़ी भूमिका होती है और भारत भी अब उसी दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया के हर विकसित देश की अर्थव्यवस्था के पीछे उसकी आधारभूत संरचना मुख्य कारण रही है। इन्फ्रास्ट्रक्चर केवल पुलों या सड़कों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह किसी भी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का आधार बनता है। उन्होंने कहा कि आज भारत भी उसी राह पर तेजी से बढ़ रहा है, जहां विकास के साथ आधुनिक परिवहन व्यवस्था उसका प्रमुख हिस्सा बन चुकी है।

मोदी ने कहा कि वंदे भारत, नमो भारत और अमृत भारत जैसी ट्रेनें भारतीय रेलवे की नई पीढ़ी की नींव रख रही हैं। इन ट्रेनों से यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि वंदे भारत जैसी ट्रेनों के चलते अब देश के तीर्थस्थल और प्रमुख शहर एक-दूसरे से बेहतर तरीके से जुड़ रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश के तीर्थस्थलों का तेज़ विकास पिछले 11 वर्षों में हुआ है। वाराणसी, प्रयागराज और चित्रकूट जैसे धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालु अब राज्य की अर्थव्यवस्था में हजारों करोड़ रुपये का योगदान दे रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि वाराणसी आने वाले यात्रियों को विशेष अनुभव मिले।

इस अवसर पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। रेलवे के अनुसार, नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें न केवल यात्रा समय को कम करेंगी, बल्कि देशभर में आर्थिक और पर्यटन गतिविधियों को भी गति देंगी।

बनारस-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस धार्मिक और सांस्कृतिक शहरों को जोड़ेगी, जबकि अन्य मार्गों पर चलने वाली ट्रेनें क्षेत्रीय विकास और यात्रियों की सुविधा को नया आयाम देंगी।

Show More
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई