AI से फर्जी वीडियो-ऑडियो बनाकर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को बदनाम करने की साजिश नाकाम

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम और आवाज का दुरुपयोग कर एआई से फर्जी वीडियो व ऑडियो क्लिप बनाने और सोशल मीडिया पर फैलाने के मामले में बिहार के मुजफ्फरपुर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान बोचहा थाना क्षेत्र के भगवानपुर निवासी प्रमोद कुमार राज के रूप में हुई है।
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक का इस्तेमाल कर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री की तस्वीरों और आवाज से छेड़छाड़ की और मनगढ़ंत सामग्री तैयार कर उसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर साझा किया। इस सामग्री का उद्देश्य लोगों को गुमराह करना और संवैधानिक पदों की गरिमा को ठेस पहुंचाना बताया गया है।
पुलिस ने कहा कि इस तरह की फर्जी सामग्री से देश विरोधी भावना फैलने, अफवाहें पैदा होने और सामाजिक अशांति की आशंका रहती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से वह मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर फेक वीडियो और ऑडियो क्लिप बनाने व प्रसारित करने में किया गया था। पुलिस ने बताया कि इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी का किसी संगठित नेटवर्क से कोई संबंध है या नहीं, साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर वायरल हो रही किसी भी संदिग्ध सामग्री को बिना जांचे साझा न करें।





