खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के लिए रायपुर पहुंचने लगे खिलाड़ी, अरुणाचल प्रदेश की वेटलिफ्टिंग टीम का भव्य स्वागत

रायपुर। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों का छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचना शुरू हो गया है। रविवार सुबह अरुणाचल प्रदेश के वेटलिफ्टरों का 14 सदस्यीय दल रायपुर पहुंचा, जिसमें 13 खिलाड़ी और एक सपोर्टिंग स्टाफ शामिल है।
खिलाड़ियों के छत्तीसगढ़ आगमन पर स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में राऊत नाचा दल की रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच खेल एवं युवा कल्याण विभाग और Sports Authority of India के अधिकारियों ने गुलाब भेंटकर सभी खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। 23 मार्च को कई राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के खिलाड़ी बड़ी संख्या में रायपुर पहुंचेंगे।
देश में पहली बार खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का आयोजन छत्तीसगढ़ के तीन शहरों – राएपुर , अंबिकापुर और जगदलपुर में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में देशभर के करीब 3 हजार जनजातीय खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

25 मार्च से 3 अप्रैल तक चलने वाले इस आयोजन में पुरुष और महिला वर्गों में हॉकी, फुटबॉल, कुश्ती, एथलेटिक्स, तैराकी, तीरंदाजी और वेटलिफ्टिंग सहित कुल 7 खेलों में रोमांचक मुकाबले होंगे। छत्तीसगढ़वासियों को पहली बार इतने बड़े स्तर पर जनजातीय खिलाड़ियों की प्रतिभा देखने का मौका मिलेगा।





