कांकेर में बिजली कटौती से परेशान लोग, सड़क पर उतरे – चक्काजाम कर जताया विरोध

कांकेर: गर्मी की शुरुआत होते ही शहर में बिजली की लगातार कटौती ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सोमवार की देर रात माहुरबंदपारा वार्ड के नाराज़ लोगों ने मुख्य सड़क पर चक्काजाम कर दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से बिजली की आपूर्ति बहुत ही अनियमित हो गई है। कभी भी लाइट चली जाती है और कई-कई घंटे तक वापस नहीं आती। खासकर रात में जब गर्मी और उमस बढ़ जाती है, तब बिजली गुल हो जाने से लोग बेहद परेशान हो रहे हैं।
गुस्साए लोग बड़ी संख्या में बिजली विभाग के दफ्तर भी पहुंचे और अधिकारियों से जमकर बहस की। लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि अगर जल्द हालात नहीं सुधरे, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन कर रहे लोगों की मांग है कि बिजली विभाग तुरंत कोई स्थायी समाधान निकाले, ताकि गर्मी के इस मौसम में आम जनता को थोड़ी राहत मिल सके।





