Pension Scheme: बुजुर्गों के लिए खुशखबरी, जल्द बढ़ेगी वृद्धा पेंशन की राशि; मंत्री ने दिए संकेत

ठाकुरगंगटी। झारखंड सरकार बुजुर्गों की पेंशन राशि को बढ़ा सकती है। धनबाद जिले के प्रखंड क्षेत्र के रूंजी पंचायत अंतर्गत परसबन्नी मैदान पर एक कार्यक्रम के दौरान मंत्री दीपिका पांडेय ने इस ओर इशारा किया है। पंचायत के मैदान में हुए एक आयोजन के दौरान ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय ने प्रखंड की सभी 16 पंचायतों की महिला लाभुकों को आवास की चाभी सौंपी और उन्हें दीवार घड़ी देकर सम्मानित किया। इसके अलावा फुटबॉल टीम के खिलाड़ियों को किट भी वितरित की गई।
मंत्री दीपिका पांडेय ने कहा कि झारखंड सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी परिवार बेघर न रहे। सरकार ने गरीब, आदिवासी, दलित और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को पक्का घर प्रदान करने के लिए ‘अबुआ आवास’ योजना शुरू की है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश के सभी परिवारों को खुशी और शांति के साथ जीवन जीने का अवसर मिल रहा है। ग्रामीण विकास मंत्री ने वृद्धावस्था पेंशन की राशि बढ़ाने की बात की और बताया कि इस पर सरकार विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उनकी बातों का कोई असर नहीं हुआ।
महिलाओं को ‘मंईयां सम्मान योजना’ से जोड़ने की योजना
मंत्री ने झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के कर्मियों से कहा कि महिलाओं को ‘मंईयां सम्मान योजना’ से जोड़कर उन्हें स्वयं सहायता समूह से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इसके माध्यम से महिलाएं बचत कर सकती हैं और अपने परिवार को आर्थिक रूप से मजबूत बना सकती हैं।
दिलीप कुमार भगत के निधन पर श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के दौरान, मंत्री दीपिका पांडेय ने बनियाडीह गांव के समाजसेवी दिलीप कुमार भगत के आकस्मिक निधन पर उनके परिवार से मिलकर सांत्वना दी और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर उप विकास आयुक्त स्मिता टोप्पो, एसडीओ आलोक वरण केसरी, बीडीओ विजय कुमार मंडल, प्रमुख कुंदन कुमार महतो, पूर्व बीस सूत्री अध्यक्ष अवधेश ठाकुर और कई अन्य स्थानीय नेता भी उपस्थित थे।





