पाकिस्तान ने छोड़ा BSF जवान, 21 दिन बाद लौटे सकुशल

अमृतसर। पाकिस्तान ने भारत के अगवा बीएसएफ जवान पूर्णम कुमार शॉ को 21 दिन बाद सकुशल रिहा कर दिया है। बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे वह अटारी-वाघा बॉर्डर के रास्ते भारत लौटे। जवान की मेडिकल जांच करवाई जा रही है, इसके बाद उन्हें घर भेजा जाएगा।

पूर्णम शॉ पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के रिसड़ा गांव के रहने वाले हैं। उनकी पत्नी रजनी शॉ इस समय गर्भवती हैं और पति को वापस लाने के लिए लगातार कोशिश कर रही थीं। यह घटना 23 अप्रैल को हुई, जब पूर्णम शॉ फिरोजपुर सेक्टर में ड्यूटी करते समय गलती से पाकिस्तान की सीमा में चले गए। इससे एक दिन पहले 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था। पाकिस्तानी रेंजर्स ने उन्हें हिरासत में ले लिया और दो तस्वीरें जारी कीं – एक में वे पेड़ के नीचे खड़े थे, और दूसरी में उनकी आंखों पर पट्टी बंधी हुई थी।

भारत ने जवान की रिहाई के लिए कई बार पाकिस्तान से बात की, लेकिन शुरुआत में कोई ठोस जवाब नहीं मिला। फ्लैग मीटिंग और अधिकारियों के स्तर पर बातचीत होती रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। बीएसएफ के डीजी दलजीत सिंह चौधरी ने इस मुद्दे पर गृह सचिव गोविंद मोहन से भी चर्चा की। अंततः डीजीएमओ स्तर की बातचीत के बाद पाकिस्तान ने जवान को छोड़ा। जवान के परिवार वालों और BSF अधिकारियों ने उनकी सुरक्षित वापसी पर राहत जताई है। अब जवान को कुछ दिनों के आराम और जांच के बाद परिवार से मिलने की अनुमति दी जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button