भारत से हार के बाद अंपायर के फैसले पर भड़का पाकिस्तान, आईसीसी में दर्ज कराई शिकायत

एशिया कप 2025 के सुपर-4 मुकाबले में भारत और पाकिस्तान के बीच हुआ रोमांचक मैच अब विवादों में घिर गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) को आधिकारिक शिकायत दी है। उनका आरोप है कि ओपनर फखर जमान को गलत आउट दिया गया, जिससे मैच का रुख बदल गया।

पाकिस्तान की पारी के तीसरे ओवर में जमान ने आक्रामक शुरुआत करते हुए 8 गेंदों पर 15 रन बनाए थे। इसी दौरान विकेटकीपर संजू सैमसन ने उनका कैच लपका। मामला साफ न होने पर निर्णय तीसरे अंपायर रुचिरा पलियागुरुगे के पास गया, जिन्होंने कई एंगल देखने के बाद जमान को आउट करार दिया। पाकिस्तान का कहना है कि कैच क्लीन नहीं था और अंपायर का फैसला गलत था।

मैच के बाद पाकिस्तान टीम और कप्तान सलमान आगा ने भी अंपायरिंग पर सवाल उठाए। सलमान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उन्हें लगा गेंद कीपर के आगे उछलकर गई थी। उनके मुताबिक, अगर जमान पावरप्ले में टिके रहते तो टीम का स्कोर 190 तक पहुंच सकता था। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि अंपायर का फैसला आखिरी माना जाता है।

यह पहला मौका नहीं है जब पाकिस्तान ने भारत से हार के बाद विवाद खड़ा किया हो। ग्रुप स्टेज में भी हार के बाद पीसीबी ने मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन आईसीसी ने उसे खारिज कर दिया था।

सोशल मीडिया पर भी इस फैसले को लेकर बहस छिड़ गई। कुछ फैंस ने तीसरे अंपायर को सही ठहराया तो कुछ ने इसे गलत बताया। हालांकि क्रिकेट के नियम साफ कहते हैं कि तीसरे अंपायर का निर्णय ही अंतिम माना जाएगा।

भारत से लगातार दूसरी हार झेलने के बाद पाकिस्तान के खिलाड़ियों और बोर्ड का गुस्सा साफ दिखाई दे रहा है। अब आईसीसी इस शिकायत पर क्या रुख अपनाता है, यह देखना दिलचस्प होगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button