पाकिस्तान ने फिर लांघी लक्ष्मण रेखा, भारत ने लगातार दूसरी बार दिया करारा जवाब

नई दिल्ली, 8 मई 2025
पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद भारत की जवाबी सैन्य कार्रवाई से बौखलाए पाकिस्तान ने बीते 24 घंटे में दो बार भारत पर ड्रोन और मिसाइल से हमला करने की कोशिश की। हालांकि भारतीय सशस्त्र बलों ने इन दोनों हमलों को पूरी तरह विफल कर दिया। बुधवार रात पाकिस्तान ने भारत के 15 शहरों को निशाना बनाने की साजिश रची, वहीं गुरुवार शाम को जम्मू-कश्मीर और पंजाब में मिसाइल व ड्रोन हमले की योजना बनाई गई। लेकिन हर बार भारत ने पाकिस्तान के नापाक मंसूबों को नाकाम कर दिया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हमलों के बाद CDS जनरल अनिल चौहान, सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश त्रिपाठी और एयर चीफ मार्शल एपी सिंह से उच्च स्तरीय बैठक की और कड़े जवाबी कार्रवाई का निर्णय लिया। सूत्रों के अनुसार भारत ने जवाबी हमला करते हुए लाहौर के आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया, जिससे पूरे शहर में ब्लैकआउट हो गया।
भारतीय सेना ने बताया कि जम्मू, पठानकोट और उधमपुर के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की गई थी लेकिन कोई नुकसान नहीं हुआ। सेना ने SOP के तहत खतरे को गतिज और गैर-गतिज दोनों तरीकों से बेअसर कर दिया।
विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने स्पष्ट किया कि भारत ने केवल आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई की है और नागरिकों को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि तनाव कम करने की जिम्मेदारी पाकिस्तान पर है, जिसने पहले पहलगाम हमले से हालात बिगाड़े थे। पाकिस्तान की ओर से पुंछ में सिख समुदाय के गुरुद्वारे पर हमले में तीन लोगों की मौत की भी पुष्टि हुई।
भारतीय कार्रवाई जैश-ए-मोहम्मद के बहावलपुर स्थित ठिकानों तक सीमित रही और इसका उद्देश्य केवल आतंक के ढांचे को खत्म करना था। विदेश सचिव ने कहा कि भारत युद्ध नहीं चाहता लेकिन हर हमले का मुंहतोड़ जवाब देगा।





