अब अमृत भारत ट्रेनों में भी मिलेगा ऑनलाइन खाना, रेलवे ने शुरू की प्री-पेड कैटरिंग सुविधा

भारतीय रेलवे अब यात्रियों को नई सुविधा देने जा रहा है। राजधानी, शताब्दी और वंदे भारत की तरह अब अमृत भारत ट्रेनों में भी यात्री ऑनलाइन नाश्ता और खाना बुक कर सकेंगे। रेलवे बोर्ड ने स्लीपर श्रेणी में प्री-पेड कैटरिंग सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है, जिससे यात्रियों को समय पर, गुणवत्तापरक और किफायती भोजन मिल सकेगा।

रेलवे के इस कदम से अब यात्रियों को ओवरचार्जिंग या खराब क्वालिटी की समस्या से निजात मिलेगी। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर आईआरसीटीसी (IRCTC) और सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम (CRIS) ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। अब यात्री टिकट बुक करते समय ही नाश्ता, लंच या डिनर ऑनलाइन ऑर्डर कर सकेंगे। बुक किया गया भोजन तय समय पर सीधे सीट तक पहुंचाया जाएगा।

रेलवे ने तय कीमतों के साथ मेन्यू भी जारी किया है। शाकाहारी नाश्ता 40 रुपये, लंच और डिनर 80 रुपये, जबकि मांसाहारी नाश्ता 50 रुपये का होगा। एग करी वाला भोजन 90 रुपये और चिकन करी 130 रुपये में मिलेगा। रेलवे जोन अपने क्षेत्र की जरूरत के अनुसार मामूली बदलाव कर सकते हैं।

इस सेवा से यात्रियों को वही सुविधा मिलेगी, जो अब तक वंदे भारत ट्रेनों में दी जाती थी, लेकिन कीमतें इससे काफी कम रहेंगी। जहां वंदे भारत में भोजन की कीमत करीब 222 रुपये होती है, वहीं अमृत भारत ट्रेनों में यात्रियों को अधिकतम 130 रुपये तक में ही खाना मिलेगा।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि भोजन आईआरसीटीसी के बेस किचन में तैयार होगा और तय समय पर यात्रियों की सीट तक पहुंचाया जाएगा। इससे यात्रा के दौरान वेंडरों से भोजन खरीदने की परेशानी खत्म होगी। प्री-पेड कैटरिंग सिस्टम से यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण, स्वच्छ और सस्ता भोजन उपलब्ध होगा।

रेलवे का यह कदम यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के साथ-साथ ट्रेन में पारदर्शी सेवा सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।

Show More
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई