सिम्स अस्पताल में बवाल, गायनिक वार्ड में नर्स से मारपीट

बिलासपुर।सिम्स अस्पताल से एक बेहद गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आया है, जिसने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। गायनिक वार्ड में भर्ती महिला को डिस्चार्ज कराने पहुंचे परिजनों ने जल्द डिस्चार्ज टिकट बनाने को लेकर जमकर हंगामा किया।
ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स ने परिजनों को शांति बनाए रखने और सलीके से बात करने की समझाइश दी, लेकिन इससे परिजन और भड़क गए। गुस्से में आकर एक महिला परिजन ने स्टाफ नर्स को थप्पड़ मार दिया। घटना के समय वार्ड में इंटर्न डॉक्टर और अन्य नर्सिंग स्टाफ मौजूद थे।
बताया जा रहा है कि मरीज रोशनी और उसके पति चंद्रशेखर नायक के परिजन लगातार डिस्चार्ज की मांग कर रहे थे और डॉक्टरों से बदतमीजी कर रहे थे। जब इसका विरोध किया गया तो हालात बेकाबू हो गए। बीच-बचाव करने पहुंचे सुरक्षा गार्ड के साथ भी मारपीट की गई, वहीं अन्य नर्सिंग कर्मियों के साथ भी धक्का-मुक्की की गई।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अस्पताल प्रबंधन ने मामले को गंभीर बताते हुए एफआईआर दर्ज कराने की बात कही है। वहीं, स्टाफ ने भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था तत्काल मजबूत करने की मांग उठाई है।





