Notice to 15 schools: अपार आईडी निर्माण में लापरवाही पर 15 स्कूलों को अल्टीमेटम, 28 फरवरी तक कार्य पूर्ण न होने पर रद्द होगी मान्यता
एक राष्ट्र, एक छात्र' योजना के तहत 12 अंकों की विशिष्ट आईडी अनिवार्य

बिलासपुर जिले में (Notice to 15 schools) विद्यार्थियों के लिए ‘एक राष्ट्र, एक छात्र’ (One Nation, One Student) की संकल्पना को साकार करने वाली ‘अपार आईडी’ (APAAR ID) बनाने की प्रक्रिया में शिथिलता बरतने पर प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। समग्र शिक्षा के जिला मिशन समन्वयक ओम पांडे द्वारा जिले के 15 शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, जिसमें स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि 28 फरवरी की निर्धारित समय सीमा तक यूडाइस (UDISE) पोर्टल पर विद्यार्थियों की अपार आईडी और आधार नंबर की एंट्री का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण नहीं किया गया, तो संबंधित स्कूलों की मान्यता रद्द करने की कार्यवाही की जाएगी।
सर्वर और आधार त्रुटियों ने बढ़ाई स्कूलों की मुश्किलें, (Notice to 15 schools)
नर्सरी से 12वीं कक्षा तक के छात्र-छात्राओं के लिए अनिवार्य यह 12 अंकों का डिजिटल कोड सीधे उनके आधार कार्ड से लिंक होगा, जो शैक्षणिक गतिविधियों और उपलब्धियों को संचित करने का एक स्थायी माध्यम बनेगा। हालांकि, इस महत्वपूर्ण परियोजना की राह में कई तकनीकी और व्यवहारिक बाधाएं भी सामने आ रही हैं; ग्रामीण अंचलों में निरंतर सर्वर की समस्या और बच्चों के आधार कार्ड में नाम, जन्म तिथि या पते की स्पेलिंग में विसंगतियां होने के कारण डेटा मिलान की प्रक्रिया अत्यंत धीमी हो गई है।
आधार केंद्रों पर सुधार कार्य में लगने वाले एक सप्ताह तक के समय ने भी इस देरी में बड़ी भूमिका निभाई है, जिसे विभाग ने लापरवाही मानते हुए सात दिनों के भीतर स्कूलों से जवाब मांगा है। अब जिला शिक्षा केंद्र और राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा मिशन के अधीन चल रहे इस कार्य को युद्ध स्तर पर पूरा करने का दबाव शिक्षण संस्थानों पर बढ़ गया है… ।।





