नॉर्थ कैरोलिना: क्रिसमस समारोह में ताबड़तोड़ फायरिंग, 4 घायल

अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना राज्य के कॉनकॉर्ड शहर में सालाना क्रिसमस समारोह के दौरान फायरिंग की घटना हुई, जिसमें चार लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार यह गोलीबारी शहर के 28वें सालाना क्रिसमस ट्री लाइटिंग सेरेमनी के दौरान हुई। गोली चलने के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भाग खड़े हुए।
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में गोलियों की आवाज और भीड़ के भागते हुए दृश्य देखे जा सकते हैं। कॉनकॉर्ड पुलिस ने घटना स्थल को तुरंत सुरक्षित किया और चर्च स्ट्रीट व कैबरस एवेन्यू के आसपास क्राइम सीन टेप लगाकर इलाके को सील कर दिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि फायरिंग किसने की, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुट गई हैं।
कॉनकॉर्ड पुलिस के मेजर पैट्रिक टियरनी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गोलीबारी शुक्रवार शाम लगभग 7:30 बजे यूनियन स्ट्रीट और कॉर्बिन एवेन्यू के पास हुई, जो इवेंट सेंटर के कुछ ही कदम दूर है। उन्होंने कहा कि घायल हुए चार लोग स्थानीय अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद शहर प्रशासन ने बाकी कार्यक्रमों को रद्द कर दिया है। हालांकि, शहर की क्रिसमस परेड अभी भी निर्धारित समय पर होने वाली है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी के पास घटना से संबंधित कोई जानकारी हो तो कॉनकॉर्ड पुलिस डिपार्टमेंट से संपर्क करें।
यह नवंबर माह में अमेरिका में दूसरी बड़ी फायरिंग घटना है। 15 नवंबर को नेवाडा के हेंडरसन में रोड रेज के दौरान 11 साल के बच्चे की मौत हो गई थी। 2025 में अब तक अमेरिका में 350 से अधिक मास शूटिंग की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें 316 लोग मारे जा चुके हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिका में सार्वजनिक स्थलों पर गोलीबारी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और सुरक्षा प्रबंधों को और सख्त करने की आवश्यकता है। कॉनकॉर्ड में हुई इस घटना ने शहरवासियों में भय और असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने यह सुनिश्चित किया है कि जांच पूरी होने तक सुरक्षा को बढ़ाया जाएगा और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।





