नए साल के जश्न में नोएडा ने तोड़े शराब बिक्री के सारे रिकॉर्ड

नए साल 2026 के स्वागत में नोएडा में जश्न अपने चरम पर रहा और इसका असर सीधे शराब की बिक्री पर दिखा। 31 दिसंबर की एक ही रात में शहर में करीब 17 करोड़ रुपये की शराब और बीयर बिक गई, जिससे सरकारी खजाने में रिकॉर्ड राजस्व दर्ज हुआ। आबकारी विभाग के आंकड़ों के मुताबिक यह पिछले तीन वर्षों में सबसे अधिक बिक्री है।

जैसे-जैसे 31 दिसंबर की शाम ढलती गई, वैसे-वैसे शहर में जश्न और जाम दोनों तेज होते चले गए। शराब की दुकानों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं और देर रात तक बिक्री जारी रही। प्रशासन के अनुसार, यह आंकड़ा साफ तौर पर बताता है कि नए साल के जश्न में लोगों ने खुलकर खर्च किया।

पिछले सालों की तुलना करें तो बिक्री में बड़ा उछाल सामने आया है। वर्ष 2023 में 31 दिसंबर को लगभग 11 करोड़ रुपये की शराब बिकी थी, जबकि 2024 में यह आंकड़ा बढ़कर 14 करोड़ रुपये तक पहुंचा। इस बार 17 करोड़ रुपये की बिक्री के साथ करीब 22 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मात्रा के लिहाज से देखा जाए तो एक ही रात में करीब 4 लाख लीटर मदिरा की खपत हुई।

बिक्री के आंकड़ों में यह भी सामने आया कि लोगों की पहली पसंद देशी शराब रही। कुल बिक्री में इसका सबसे बड़ा हिस्सा रहा और लगभग 1.75 लाख लीटर देशी शराब बेची गई। इसके बाद बीयर और अंग्रेजी शराब की मांग रही। सर्दियों के मौसम के बावजूद बीयर की खपत में जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई और करीब 1.2 लाख लीटर बीयर बिकी। वहीं, भारत में बनी विदेशी शराब की बिक्री भी लगभग इसी स्तर पर रही।

अधिकारियों के मुताबिक, बिक्री में इस उछाल के पीछे लोगों का उत्साह ही नहीं बल्कि प्रशासनिक फैसले भी अहम वजह रहे। नए साल के मौके पर शराब की दुकानों को एक घंटा अतिरिक्त खुला रखने की अनुमति दी गई थी, जिसका सीधा फायदा बिक्री को मिला। इससे पहले 25 दिसंबर को भी शहर में लगभग 14 करोड़ रुपये की शराब की बिक्री दर्ज की गई थी।

कुल मिलाकर नए साल के जश्न ने नोएडा में शराब बिक्री के सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए और सरकार की तिजोरी को भी भर दिया।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button