भारत दौरे से पहले बांग्लादेश के विदेश मंत्री का बयान, बोले- अमेरिका के साथ कोई गुप्त समझौता नहीं

ढाका/नई दिल्ली। बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान ने भारत दौरे से पहले बड़ा बयान देते हुए कहा है कि बांग्लादेश अमेरिका के किसी दबाव में नहीं है और अमेरिका के साथ कोई गुप्त समझौता नहीं हुआ है। उन्होंने साफ कहा कि जो भी समझौते हैं, उन्हें पहले ही सार्वजनिक किया जा चुका है।
अमेरिकी राजदूत ब्रेंट टी. क्रिस्टेंसन से मुलाकात के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में रहमान ने कहा कि ऊर्जा आयात के मामले में बांग्लादेश स्वतंत्र है और सरकार अलग-अलग देशों से किफायती विकल्प तलाश रही है। अमेरिका ने भी ऊर्जा सुरक्षा में सहयोग का आश्वासन दिया है।
7-8 अप्रैल को भारत दौरा
विदेश मंत्री खलीलुर रहमान 7 और 8 अप्रैल को भारत दौरे पर आ सकते हैं। इस दौरान नदी जल बंटवारा, ऊर्जा सहयोग, वीजा सेवाओं का सामान्यीकरण और पश्चिम एशिया की स्थिति जैसे मुद्दों पर द्विपक्षीय वार्ता होने की संभावना है।
बताया जा रहा है कि 1996 की गंगा जल संधि को रिन्यू करने और दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत करने पर भी चर्चा होगी। शेख हसीना सरकार के बाद यह किसी बांग्लादेशी विदेश मंत्री की पहली भारत यात्रा मानी जा रही है, जिससे भारत-बांग्लादेश संबंधों में नई शुरुआत की उम्मीद जताई जा रही है।





