दिशा समिति की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा, केंद्रीय मंत्री ने दिए सख्त निर्देश

बिलासपुर। कलेक्ट्रेट स्थित मंथन सभाकक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने की। बैठक में तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह और बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक भी मौजूद रहे।
बैठक में जिले में चल रही केंद्र सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की गई। मंत्री साहू ने अधिकारियों से कहा कि सभी योजनाएं समय पर और पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएं ताकि योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंचे।
उन्होंने खासतौर पर शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पानी, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, कृषि, ग्रामीण विकास और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
मंत्री ने ग्रामीण इलाकों में बुनियादी सुविधाओं को बढ़ाने पर जोर दिया और साफ कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि आम जनता से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता दी जाए, जिससे जिले का संतुलित विकास हो सके।
बैठक में सांसद, विधायक, कलेक्टर, पंचायत प्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री साहू ने सभी से आपसी समन्वय बनाकर काम करने की अपील की और कहा कि जनप्रतिनिधियों को योजनाओं की प्रगति की जानकारी समय-समय पर दी जाए।





