ताड़पाला में नया सुरक्षा कैंप स्थापित, मुश्किल हालात में जवानों ने दिखाया साहस

बीजापुर। जिले के थाना उसूर के बेहद संवेदनशील ताड़पाला इलाके में कर्रेगुट्टा पहाड़ पर एक नया सुरक्षा और जन-सुविधा कैंप सफलतापूर्वक स्थापित किया गया है। यह कदम क्षेत्र में सुरक्षा और विकास दोनों के लिए बड़ा मील का पत्थर माना जा रहा है।
कठिन पहाड़ी रास्तों, सड़क की कमी, लगातार IED के खतरे और पानी जैसी चुनौतियों के बीच डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा 205 व 210 और केरिपु 196 की संयुक्त टीमों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए कैंप तैयार किया। निर्माण कार्य के दौरान हेलीकॉप्टर से लगातार सपोर्ट दिया गया। पुलिस महानिदेशक, आईजी, डीआईजी और बीजापुर एसपी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जवानों का उत्साह बढ़ाया। कुछ अधिकारी ताड़पाला कैंप में रातभर रुके और जवानों के जज़्बे की सराहना की।
कैंप स्थापित होने के बाद सुरक्षा बलों ने आसपास के क्षेत्र से 14 IED बरामद कर नष्ट किए, जिससे माओवादी गतिविधियों पर बड़ी रोक लगी है। जिले में साल 2024 में अब तक 22 नए सुरक्षा कैंप खोले जा चुके हैं। इनकी मदद से 749 माओवादी आत्मसमर्पण, 202 नक्सली मारे जाने और 1006 गिरफ्तारियां दर्ज हुई हैं।
नए कैंप के शुरू होने से सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त अभियान और मजबूत होंगे। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों तक सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और मोबाइल नेटवर्क जैसी आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने की प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ सकेगी।





