चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में नया खुलासा, हमलावरों की बाइक का नंबर फर्जी होने का शक

पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या की जांच में नया मोड़ सामने आया है। पुलिस जांच में पता चला है कि वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर संदिग्ध हो सकता है। इससे पूरे हत्याकांड की गुत्थी और उलझ गई है।
पश्चिम बर्धमान के पते पर दर्ज है बाइक
जांच के मुताबिक, हमलावरों की बाइक का नंबर WB44D1990 है। यह नंबर पश्चिम बर्धमान आरटीओ में दर्ज है। रिकॉर्ड के अनुसार बाइक का मालिक विभाष कुमार भट्टाचार्य बताया गया है और उसका पता बर्नपुर इलाके के गुरुद्वारा रोड स्थित एक क्वार्टर का है।
हालांकि जब मीडिया और स्थानीय लोग बताए गए पते पर पहुंचे तो वहां विभाष भट्टाचार्य नाम का कोई व्यक्ति नहीं मिला।
मौजूदा निवासी ने भी किया इनकार
उस क्वार्टर में फिलहाल धरमवीर कुमार नाम के कर्मचारी रह रहे हैं। उन्होंने साफ कहा कि वह विभाष भट्टाचार्य नाम के किसी व्यक्ति को नहीं जानते। साथ ही वहां उस नंबर की कोई बाइक भी नहीं मिली।
प्रारंभिक जांच में अब आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया था।
चश्मदीद ने सुनाई खौफनाक कहानी
घटना के चश्मदीद सुशांत सरकार ने बताया कि रात करीब 10 बजे के आसपास अचानक गोली चलने की आवाज आई। जब वह मौके पर पहुंचे तो चंद्रनाथ रथ स्कॉर्पियो के अंदर खून से लथपथ पड़े थे।
उन्होंने बताया कि गाड़ी का शीशा टूटा हुआ था और उस पर गोलियों के कई निशान थे। कार के अंदर मौजूद लोग घायल हालत में कुछ बोलने की कोशिश कर रहे थे। इसके बाद तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई।
पुलिस कई एंगल से कर रही जांच
पुलिस अब बाइक नंबर, फर्जी दस्तावेज और हमलावरों की पहचान को लेकर जांच कर रही है। आसपास के CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।





