दुर्ग रेंज के नए आईजी ने संभाली कमान, थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश

दुर्ग रेंज के नए पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य ने पदभार ग्रहण करने के बाद जिले के पुलिस अधिकारियों की पहली महत्वपूर्ण बैठक ली। पुलिस नियंत्रण कक्ष में आयोजित इस बैठक में सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना और चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान आईजी ने पुलिस अधिकारियों को अनुशासन, जवाबदेही और सक्रियता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिसिंग में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आम जनता का विश्वास बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
आईजी शांडिल्य ने वित्तीय धोखाधड़ी और ठगी के मामलों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लुभावने विज्ञापन और निवेश योजनाओं के जरिए लोगों को ठगने वालों की सूची तैयार की जाए। ऐसे मामलों में थाना प्रभारी स्वयं एफआईआर दर्ज करें और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने पुलिस कर्मचारियों के कार्य, गतिविधियों और आचरण पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि अधीनस्थ कर्मचारियों पर प्रभावी नियंत्रण से ही विभाग की छवि मजबूत होगी।
बैठक में लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए आईजी ने निर्देश दिए कि एक वर्ष से अधिक समय से लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। नए प्रावधानों के तहत दर्ज मामलों को 60 से 90 दिनों के भीतर निपटाने पर विशेष जोर दिया गया।
आईजी ने यह भी कहा कि प्राप्त शिकायतों का समय-सीमा के भीतर समाधान किया जाए, ताकि आम नागरिकों को न्याय मिल सके। गंभीर अपराधों, विशेषकर संपत्ति और शरीर से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में उप पुलिस महानिरीक्षक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सहित जिले के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।





