लखनऊ में नए हाईटेक विधानभवन का रास्ता साफ, LDA ने जारी किया टेंडर

लखनऊ में नए और भव्य विधानभवन कॉम्प्लेक्स के निर्माण की तैयारी तेज हो गई है। गोमती नगर स्थित सहारा शहर की जमीन पर बनने वाले इस हाईटेक प्रोजेक्ट के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने टेंडर जारी कर दिया है।

एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि 23 मई से 21 जून तक इच्छुक कंपनियां आवेदन कर सकेंगी। कंसल्टेंट और आर्किटेक्ट के चयन के बाद प्रोजेक्ट की डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार की जाएगी। इसी के आधार पर निर्माण लागत और समय सीमा तय होगी।

सरकारी दस्तावेजों में इस परियोजना को “विधानभवन कॉम्प्लेक्स” नाम दिया गया है। यह करीब 245 एकड़ जमीन पर विकसित होगा, जिसमें आधुनिक विधानसभा भवन, सचिवालय, मुख्यमंत्री आवास और कई सरकारी विभागों के कार्यालय बनाए जाएंगे।

सरकार की योजना इस पूरे क्षेत्र को उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा प्रशासनिक और सत्ता केंद्र बनाने की है। भविष्य में बड़े सरकारी फैसले और उच्चस्तरीय बैठकें यहीं से संचालित होंगी।

पिछले साल नवंबर में कराए गए सर्वे के बाद इस प्रोजेक्ट को तेजी मिली। सर्वे में पाया गया कि सहारा शहर में सरकार की जरूरत से ज्यादा जमीन उपलब्ध है और यहां बेहतर सड़क एवं इंफ्रास्ट्रक्चर की सुविधा भी मौजूद है। इसके बाद शासन ने परियोजना को मंजूरी दे दी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button