जेवर से खुलेंगे रोजगार के नए अवसर, लाखों लोगों को मिलेगी नौकरी

नोएडा के जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन के साथ ही रोजगार के कई नए अवसर खुलने जा रहे हैं। इस एयरपोर्ट को पूरी तरह से संचालित होने पर अनुमानित रूप से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 15 लाख लोगों को नौकरी मिलने का अनुमान है। एयरपोर्ट की आधुनिक सुविधाओं और विस्तृत इंफ्रास्ट्रक्चर के चलते विभिन्न क्षेत्रों में स्टाफ की मांग तेजी से बढ़ने वाली है।

एविएशन ऑपरेशंस में टर्मिनल ऑपरेटर्स और एयर ट्रैफिक कंट्रोल स्टाफ की जरूरत होगी। प्रशिक्षित एटीसी ऑफिसर और टेक्नीशियन विमानों की निगरानी से लेकर टेकऑफ और लैंडिंग तक की जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके साथ ही ग्राउंड हैंडलिंग स्टाफ की मांग भी होगी, जिसमें विमान की साफ-सफाई, लोडिंग और अनलोडिंग, बैग हैंडलिंग जैसे कार्य शामिल होंगे।

कार्गो हैंडलिंग और लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट के क्षेत्र में भी कई पद भरे जाएंगे। 80 एकड़ में बने विशाल कार्गो टर्मिनल में कार्गो हैंडलर, लॉजिस्टिक्स कोऑर्डिनेटर, वेयरहाउस मैनेजर और कोल्ड स्टोरेज ऑपरेटर जैसे रोजगार के अवसर मिलेंगे।

फूड कोर्ट, दुकान और रेस्तरां में शेफ, सेल्स स्टाफ, कैशियर और रिटेल-हॉस्पिटैलिटी मैनेजर की भी जरूरत होगी। एयरपोर्ट से बाहर होटलों और गेस्ट हाउस में होटल मैनेजर, रिसेप्शनिस्ट और हाउसकीपिंग स्टाफ की मांग बढ़ेगी।

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए कस्टम्स और इमिग्रेशन ऑफिसर की भर्ती होगी। इसके अलावा पुलिस स्टेशन और फायर ब्रिगेड में स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षित कर रोजगार दिया जाएगा। एयरपोर्ट ऑपरेशंस मैनेजर और सुरक्षा स्टाफ की भी आवश्यकता होगी। पायलट और फ्लाइट अटेंडेंट्स की भर्ती के साथ-साथ CISF और निजी सुरक्षा एजेंसियों की मदद से एयरपोर्ट की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

निर्माण और विस्तार के चलते सिविल इंजीनियर, इलेक्ट्रिकल टेक्नीशियन, प्लंबर और आईटी प्रोफेशनल्स की भी मांग बढ़ेगी। एयरपोर्ट पर डिजिटल सिस्टम, सिक्योरिटी नेटवर्क और चेक-इन कियोस्क के संचालन के लिए आईटी स्टाफ की जरूरत होगी।

जेवर एयरपोर्ट की ये सभी सुविधाएं और रोजगार के अवसर न केवल स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार सृजित करेंगे बल्कि नोएडा और आसपास के क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देंगे। एयरपोर्ट संचालन शुरू होते ही हवाई यातायात, हॉस्पिटैलिटी, लॉजिस्टिक्स और सुरक्षा से जुड़ी नौकरियों के लिए हजारों लोगों को मौका मिलेगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button